झारखंड

Jharkhand : प्रेशर आईईडी विस्फोट, दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

Sarita
12 Feb 2026 10:29 AM IST
Jharkhand  :  प्रेशर आईईडी विस्फोट,  दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल
x
Jharkhand : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र में प्रेशर आईईडी विस्फोट में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तिरीलपोशी जंगल की है, जहां रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लकड़ी और पत्ते चुनने गए ग्रामीण अचानक धमाके की चपेट में आ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल में जमीन के भीतर दबाकर लगाए गए प्रेशर आईईडी पर एक ग्रामीण का पैर पड़ते ही जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके से आसपास अफरा-तफरी मच गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि यह घटना अंधेरा होने के बाद हुई। घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि अन्य संभावित विस्फोटकों का पता लगाया जा सके।
एसपी ने इस घटना को नक्सलियों की कायराना हरकत बताया है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाना नक्सलियों की हताशा को दर्शाता है। घटना के बाद तिरीलपोशी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में बिछाए गए विस्फोटक उनके लिए लगातार खतरा बने हुए हैं, जिससे अब जंगल जाना भी जोखिम भरा हो गया है। फिलहाल सुरक्षा बल क्षेत्र में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Next Story