झारखंड

झारखंड: हिन्दूक्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाशचंद्र गंधर्व को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Renuka Sahu
14 Jan 2022 2:19 AM GMT
झारखंड: हिन्दूक्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाशचंद्र गंधर्व को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल
x

फाइल फोटो 

झारखंड में हिन्दू क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गंधर्व को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड में हिन्दू क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गंधर्व को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रदेश अध्यक्ष गंधर्व और जिलाध्यक्ष सहित हिन्दू क्रांति सेना के तीन कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मवेशी व्यापारी से रंगदारी मांगने और मारपीट करने के आरोप में दुमका नगर थाना में अक्तूबर 2021 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बुधवार की रात करीब 10 बजे नगर थाना और जामा थाना की पुलिस ने जामा के बिचकोड़ा स्थित पैतृक आवास से गंधर्व को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के दौरान प्रकाश चंद्र गंधर्व की पत्नी और परिवार की महिला सदस्यों के पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। रात में गंधर्व को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे जामा थाना ले आई। जामा थाना परिसर के बाहर भी गंधर्व के परिजनों और उसके समर्थकों ने हंगामा कर गिरफ्तारी का विरोध किया। रात में ही पुलिस गंधर्व को नगर थाना दुमका ले आई। गुरुवार को दुमका कोर्ट में पेशी के बाद उसे दुमका केंद्रीय कारा भेज दिया गया।
पत्नी-बेटी पर पुलिस पर हमला का आरोप, केस दर्ज
प्रकाश चंद्र गंधर्व की पत्नी शर्मिला देवी, बेटियों और एक रिश्तेदार शिवानंद मंडल उर्फ कालू मंडल के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली गलौज, झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में जामा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जब पुलिस रात में प्रकाश गंधर्व को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची तो आरोपियों ने घर में बाहर से ताला लगा पुलिस पदाधिकारियों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। ग्राम प्रधान चुड़की मुर्मू और प्रधान मरांडी के बीच-बचाव के बाद पुलिस अंदर जा सकी। आरोप है कि गंधर्व की पत्नी, बेटी और रिश्तेदार शिवानंद मंडल ने कुर्सी से पुलिस दल पर हमला कर दिया, जिससे कई महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई।
झूठे केस में षड्यंत्र कर फंसाया गया: गंधर्व
पत्रकारों के सवाल पर हिन्दू क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि षड्यंत्र के तहत झूठा केस में फंसा कर मुझे जेल भेजा जा रहा है। उस घटना में मैं था भी नहीं। मैं अपने घर में था। प्रकाश गंधर्व ने कहा कि अवैध पत्थर, कोयला खनन और मवेशी तस्करी कराने वाले सफेदपोश साजिश कर मुझे जेल भिजवा रहा है। घर में घुस कर पुलिस ने मुझे उग्रवादी की तरह गिर‌फ्तार किया गया। पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
Next Story