
x
Jharkhand झारखंड: झारखंड के सिमडेगा ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर बुधवार सुबह एक एसयूवी के सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाने से एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वाहन चला रहा किशोर नौवीं कक्षा का छात्र है।
सिमडेगा सदर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि एक एसयूवी पेड़ से टकरा गई है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुँचने पर पता चला कि वाहन एक नाबालिग छात्र चला रहा था। उन्होंने बताया कि वाहन में चार नाबालिग सवार थे और जब वाहन खैरन टोली के पास पहुँचा, तो सड़क पर मवेशियों को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन एक पेड़ से टकरा गया। कुमार ने बताया, "टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि लगभग 16 वर्षीय सूफियान खान वाहन से उछलकर झाड़ियों में गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन में सवार दो अन्य किशोर - आयुष प्रसाद और अंकित कुमार - गंभीर रूप से घायल हैं और उनका सिमडेगा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।" मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। झारखंड में बुधवार को करम त्योहार के कारण स्कूल बंद हैं और आशंका है कि किशोर गाड़ी में लंबी सैर पर निकले थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस चालक और उसके परिवार के सदस्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Next Story





