
x
Jharkhand झारखंड: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के पथलकुदवा स्थित न्यू तबारक लॉज से बुधवार सुबह संदिग्ध ISIS आतंकी अशरफ दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद से दानिश के बारे में कई बड़े खुलासे हुए हैं। अशरफ दानिश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर लॉज में रहता था। वह अपना काम इतनी चालाकी से करता था कि न तो उसके रूममेट्स और न ही लॉज के अन्य युवकों को उस पर शक होता था।
दिल्ली स्पेशल सेल ने दानिश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत से उसे ट्रांजिट रिमांड पर पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया। शुरुआती पूछताछ में दानिश ने बताया कि उसे और 7 अन्य लोगों को हथियार और विस्फोटक इकट्ठा करने की जिम्मेदारी दी गई थी। ये सभी लोग सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। वहीं, दानिश के साथ उसके कमरे में रहने वाले एक दिव्यांग युवक से भी पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसे दानिश की गतिविधियों पर कभी कोई शक नहीं हुआ। उसे दानिश के हथियार रखने और विस्फोटक इकट्ठा करने की भी जानकारी नहीं थी। लॉज में रहने वाले अन्य दोस्तों ने भी बताया कि दानिश हमेशा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बात करता था। उसने नौकरी करके अपने परिवार की आर्थिक मदद करने की भी बात कही। इतना ही नहीं, दानिश के कमरे में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी किताबें भी थीं।
Next Story





