
x
Jharkhand झारखंड: झारखंड के हजारीबाग में बदमाशों ने खूब आतंक मचाया है. दरअसल, यहां बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोड़ा काठ गांव में सोमवार रात करीब 10:00 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक सड़क निर्माण स्थल पर तांडव मचाया. रात के अंधेरे में अपराधियों ने वहां मौजूद करोड़ों रुपए की मशीनों और वाहनों में आग लगा दी. मिली जानकारी के मुताबिक घटनास्थल पर खड़ी दो जेसीबी मशीन, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर, एक पानी का टैंकर और एक जेनरेटर जलकर राख हो गए. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक रात में अचानक आग की लपटें और विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने लगीं. जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई|
सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. शुरुआती जांच में यह मामला निर्माण कार्य को लेकर आपसी रंजिश या नक्सली गतिविधि का लग रहा है. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है और संदिग्ध तत्वों की तलाश की जा रही है. आगजनी में करोड़ों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है. प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया गया है।
Next Story





