
x
Jharkhand झारखंड: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही अनुमंडल पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाकर 12 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के साथ-साथ वन विभाग के अधिकारी व कर्मी भी शामिल थे। यह अभियान भगहर भंडार और परसातरी के जंगली क्षेत्रों में 02 जेसीबी मशीनों की मदद से चलाया गया। इस छापेमारी में कुल 60,000 किलोग्राम जावा महुआ, 5,000 लीटर महुआ शराब, 500 ड्रम, 50 एल्युमीनियम डेगचा और शराब बनाने के अन्य उपकरण नष्ट किए गए।
इतनी बड़ी कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं को भारी नुकसान हुआ है। इस संबंध में संबंधित थानों में मामला दर्ज कर सभी संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद थे। हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को माफिया के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है और कहा है कि इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
Next Story





