
झारखंड: राजधानी रांची में पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। सदर अस्पताल, पुरुलिया रोड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में रांची की मेयर रोशनी खलखो, वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह और अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस बार राज्य में तीन दिवसीय विशेष पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य करीब 61 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है।
अभियान के पहले दिन पूरे झारखंड में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए गए 24,507 बूथों पर सुबह से ही बच्चों और उनके अभिभावकों की भीड़ देखी गई। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, स्कूल, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांजिट बूथ बनाकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे।
अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि पहले दिन बूथ स्तर पर कार्य पूरा होने के बाद अब अगले दो दिनों तक स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। यह डोर-टू-डोर अभियान उन बच्चों तक पहुंचेगा जो किसी कारणवश बूथ पर नहीं आ सके। उद्घाटन समारोह में विधायक सीपी सिंह ने कहा कि यह अभियान बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बताते हुए बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त जरूर घोषित हो चुका है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान जरूरी हैं। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम और सहिया कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। अभियान के तहत पहले दिन जिला स्तर के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसे एक सफल और व्यापक अभियान बताया है, जिसमें आम लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।





