झारखंड

झारखंड: गिरिडीह के बाद रांची में भी सरस्वती पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल, पुलिस को लाठी-डंडे से पीटा, 4 गिरफ्तार

Renuka Sahu
8 Feb 2022 4:48 AM GMT
झारखंड: गिरिडीह के बाद रांची में भी सरस्वती पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल, पुलिस को लाठी-डंडे से पीटा, 4 गिरफ्तार
x

फाइल फोटो 

झारखंड में गिरिडीह के बाद रांची से भी सरस्वती पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हंगामा बवाल की खबर है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड में गिरिडीह के बाद रांची से भी सरस्वती पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हंगामा बवाल की खबर है। कांके के वेटनरी कॉलेज के समीप रिंग रोड पर सरस्वती प्रतिमा विसर्जन में शामिल कुछ लोगों ने रविवार रात सड़क जाम कर जमकर बवाल किया। जाम हटाने पहुंची पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों को खदेड़कर लाठी-डंडे से पीटा। इस दौरान पिस्टल छीनने का भी प्रयास किया। इसके बाद वर्दी फाड़कर पैसे भी लूट लिए।

हमले में कांके थाने के एसआई अभिजीत रंजन समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिसकर्मी पहुंचे और लाठियां चटकाई तब लोग शांत हुए। इस दौरान इस इलाके में घंटों अफरातफरी मची रही। इस मामले में अभिजीत के बयान पर सात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गई है।
पुलिस ने चार आरोपी आनंद तिर्की, अजीत कुमार महतो, रोहित राम और दीपक मुंडा उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक झारखंड पुलिस का जवान है। वहीं इस घटना में शामिल तीन आरोपी शिवम मुंडा, मनजीत महतो और सुमित महतो फरार हैं। पुलिस इन्हें दबोचने के लिए छापेमारी कर रही है।
सड़क पर गाड़ी लगाकर कर रहे थे झगड़ा
कांके थाना प्रभारी बृज कुमार दल-बल के साथ रविवार रात सुकुरहुट्टू में मूर्ति विसर्जन के बाद लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि वेटनरी कॉलेज जाने वाले रास्ते में जुमार पुल के समीप मूर्ति विसर्जन करने जा कुछ लोगों ने सड़क पर गाड़ी लगाकर जाम कर दिया है और आपस में झगड़ रहे हैं। एसआई अभिजीत रंजन जाम हटाने गए। इसी क्रम में जुलूस में शामिल 10 से 15 की संख्या में बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की गाड़ी को घेर लिया। गाली गलौज करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों की संख्या अधिक होने से पुलिस पीछे हट गई। इसके बाद बदमाशों ने सड़क पर उत्पात मचाया।
एसआई की पिस्टल छीन रहे थे बदमाश
कांके में रविवार की रात मूर्ति विसर्जन के दौरान हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस की पिस्टल छीनने का प्रयास किया और जैकेट फाड़कर पैसे भी निकाल लिए। यह आरोप एसआई अभिजीत रंजन ने थाना में दर्ज प्राथमिकी में लगाया है।
उन्होंने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि बदमाशों से जब वे अपनी पिस्टल बचाने लगे तब बदमाश उनकी जैकेट पकड़ ली और उसे फाड़कर उसमें रखे 2500 रुपये निकाल लिए। बदमाश इतने उग्र थे कि उनकी वर्दी का कॉलर पकड़कर विसर्जन के लिए जा रहे ट्रैक्टर में उन्हें दबा दिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उनके साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में उनके हाथ, पैर, गला और केहुनी समेत अन्य जगहों पर गंभीर चोट लगी।
खदेड़कर पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ा
विसर्जन में शामिल बदमाशों ने पुलिस को खदेड़ दिया। इसके बाद थाना से गश्ती पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने बदमाशों को खदेड़ा और लाठियां चटकायी। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजीत महतो ग्राम पतराटोली, आनंद तिर्की ग्राम पतराटोली, रोहित राम ग्राम पतराटोली, दीपक मुंडा उर्फ बबलू ग्राम गागी कांके बताया है। सभी को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया।
Next Story