झारखंड

Jhansi: कुत्ते ने तीन मासूम बच्चों समेत छह लोगों को काटकर किया घायल

Sarita
3 Jun 2025 12:40 PM IST
Jhansi: कुत्ते ने तीन मासूम बच्चों समेत छह लोगों को काटकर किया घायल
x
Jhansi झांसी : सोमवार शाम को कोतवाली के भंडेरी गेट के पास एक कुत्ता खूंखार हो गया। उसने तीन मासूम बच्चों समेत छह लोगों को काटकर बुरी तरह घायल कर दिया। घायलों में एक 11 माह के बच्चे की हालत गंभीर है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उसे भर्ती कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार शाम करीब चार बजे भंडेरी गेट निवासी शहजाद का बेटा शाद राइन (8) पैदल ही टौरिया स्थित अपने चाचा के घर जा रहा था। जगदीश आटा चक्की के पास एक खूंखार कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।
वहां लोगों ने किसी तरह शाद को बचा लिया, लेकिन कुत्ते ने उसे आठ जगह काटकर घायल कर दिया। यहां से कुत्ता भागकर गली में घुस गया। आसिफ राइन (28) सामने घर में खाना खा रहे थे। उनका 11 माह का बेटा अबू सो रहा था। कुत्ते ने अबू पर हमला कर उसके चेहरे और हाथ पर बुरी तरह काट लिया। अबू को अस्पताल ले जाया गया तो वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हामिद (10), मालती कुशवाह समेत एक महिला को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर कुछ देर बाद नगर निगम की टीम वहां पहुंच गई। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ा। कोतवाल राजेश पाल का कहना है कि नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाया गया था। कुत्ते के हमला करने से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
Next Story