
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित ‘डबल डाउन बार’ के बाहर हुए जानलेवा हमले में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद पिछले ढाई दिनों से चला आ रहा तनाव बुधवार को समाप्त हो गया। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से दिए गए लिखित आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गया। इसके बाद परिजन शव लेने के लिए रवाना हुए। अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को पहले आदित्यपुर स्थित आवास लाया जाएगा, जिसके बाद बिष्टुपुर के पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना के बाद आदित्यपुर आवास पर प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। इस दौरान माहौल कई बार तनावपूर्ण भी हुआ, लेकिन कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, सरायकेला-खरसावां डीसी नीतीश कुमार सिंह, जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मोहन मीणा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सहमति बन सकी।
परिजनों ने अंतिम संस्कार से पहले चार प्रमुख मांगें रखी थीं, जिन पर प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया। सहमति के अनुसार घटना के समय लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर हत्या की धारा 302 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इसके अलावा पूरे मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त सजा दिलाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि सात से आठ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की तेजी से सुनवाई कराई जाएगी।





