
Jharkhand: लातेहार में व्यवहार न्यायालय परिसर से चलंत लोक अदालत वाहन (जस्टिस ऑन व्हील्स) को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि न्याय पाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अभी भी अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह वाहन इस अंतर को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।
यह चलंत लोक अदालत वाहन पूरे जुलाई माह में जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और दूरस्थ गांवों का भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और न्याय व्यवस्था की मूल जानकारी देना है। इसके माध्यम से ग्रामीणों में विधिक चेतना बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें और योजनाओं का लाभ ले सकें।
इस वाहन में कानूनी विशेषज्ञ और विधिक स्वयंसेवकों की टीम मौजूद रहेगी, जो न सिर्फ लोगों को जागरूक करेगी बल्कि उनकी स्थानीय समस्याओं को भी सुनेगी। छोटे-मोटे विवादों को मौके पर ही आपसी समझौते के आधार पर सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। इससे ग्रामीणों को त्वरित न्याय और राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कई न्यायाधीश और अधिवक्ता भी उपस्थित रहे, जिनमें जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम दिनेश कुमार मिश्रा, द्वितीय सुनील दत्त द्विवेदी, प्रोबेशनरी न्यायाधीश दीपक कुमार, सीजेएम विक्रम आन्नद, प्राधिकार के सचिव शिवम चौरसिया और बार एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।





