झारखंड

Jamshedpur: टेंपो की टक्कर से ढही दीवार, खेल रहे 9 माह के बच्चे की मौत

Sarita
23 Sept 2025 6:47 AM IST
Jamshedpur: टेंपो की टक्कर से ढही दीवार,   खेल रहे 9 माह के बच्चे की मौत
x
Jamshedpur जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे एक टेम्पो एक घर की दीवार से टकरा गया। आँगन में खेल रहे आशीष करुवा (9 महीने) की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी बहन लक्षिता (10 साल) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसके बाएँ पैर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई।
घटना के बाद, परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मोहल्ले में हंगामा किया। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और मामला शांत कराया। पुलिस ने टेम्पो (JH05AX-9399) को जब्त कर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता सुखराम करुवा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, टेम्पो चालक सीमेंट और निर्माण सामग्री लेकर राहरगोड़ा पहुँचा था। सामान उतारने के बाद, वह गाड़ी को पीछे कर रहा था, तभी टेम्पो दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार आंगन की ओर गिर गई और वहां खेल रहे दोनों बच्चे मलबे में दब गए। लोगों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन आशीष की मौत हो चुकी थी। आशीष की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। विलाप करते हुए उसकी मां और दादी बेहोश हो गईं। परिजनों ने बताया कि आशीष की तीन बड़ी बहनें हैं। उसकी मां और दादी ने बेटे के जन्म के लिए वर्षों तक मन्नत मांगी थी, जिसके बाद आशीष का जन्म हुआ। सुखराम करुवा अपनी शादी के बाद से ही अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अपनी नानी के घर में रहता था। सुखराम पेशे से ठेकेदार है।
Next Story