
गढ़वा: चिनिया प्रखंड में शनिवार को झारखंड सरकार के परिवहन विभाग की महत्वाकांक्षी पहल ‘परिवहन कार्यालय आपके द्वार’ अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परिवहन सेवाएं उनके घर के पास ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। शिविर में दस्तावेज सत्यापन से लेकर कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट तक की पूरी प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने टेस्ट में सफल हुए 125 अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
डीटीओ धीरज प्रकाश ने आवेदकों से अपील की कि वे शिविर में आने से पहले सारथी पोर्टल पर नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या ऑनलाइन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि आवेदक अपने ऑनलाइन आवेदन की प्रति, आवश्यक दस्तावेज और शुल्क भुगतान की रसीद के साथ ही शिविर में उपस्थित हों। शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, वोटर आईडी या 10वीं की मार्कशीट (आयु प्रमाण के लिए), पासपोर्ट साइज फोटो और ब्लड ग्रुप की जानकारी शामिल है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि शिविर में किसी भी प्रकार का नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए आवेदक यूपीआई या एटीएम कार्ड की सुविधा साथ रखें।
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पहले मेराल से शुरू किया गया था और अब इसे गढ़वा जिले के अन्य प्रखंडों और पंचायतों में भी चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस पूरे कार्यक्रम में प्रखंड प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिवहन कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है और सरकारी सेवाएं अब पहले से अधिक सुलभ हो गई हैं।





