
Jharkhand: धनबाद के झरिया क्षेत्र के एक दंपति ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसने पूरे इलाके को गर्व महसूस कराया है। झरिया के चौथाई कुल्ही, भालगोड़ा 2 नंबर चानक निवासी विकास कुमार सिंह और उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह बनाई है। विकास कुमार सिंह का चयन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) के पद पर हुआ है, जबकि उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह डीएसपी पद के लिए चयनित हुई हैं।
इस दंपति की सबसे खास बात यह है कि इन्होंने शादी के ठीक अगले दिन बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दी थी। जहां अधिकतर लोग शादी के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं, वहीं इस जोड़े ने अपने सपनों को प्राथमिकता दी और परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा दी। आज वही निर्णय उनकी सफलता की नींव साबित हुआ है।
कोमल कुमारी सिंह मूल रूप से बेगूसराय की रहने वाली हैं। उन्होंने पहले राजस्व कर्मचारी के रूप में नौकरी की थी, लेकिन उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था। इसी लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह से तैयारी में जुट गईं। अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने 489वां रैंक हासिल कर डीएसपी पद के लिए चयन प्राप्त किया।
वहीं विकास कुमार सिंह ने 1058वां रैंक हासिल कर BPRO के पद पर सफलता पाई है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और विशेष रूप से अपने बड़े भाई सूरज कुमार सिंह को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें लक्ष्य पर केंद्रित रहने में मदद की।
इस दंपति की कहानी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। यह साबित करता है कि अगर मेहनत, समर्पण और मजबूत इरादे हों तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है। शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर के बीच भी अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ना इस जोड़े की सबसे बड़ी खासियत रही।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। झरिया का यह दंपति अब प्रशासनिक सेवा में पहुंचकर समाज के लिए काम करने की तैयारी कर रहा है। उनकी यह सफलता संघर्ष कर रहे युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियां भी सपनों को रोक नहीं सकतीं।





