झारखंड

रांची के अस्पताल पर हाई लेवल जांच

Saba Naaz
4 July 2026 6:35 PM IST
रांची के अस्पताल पर हाई लेवल जांच
x

रांची: स्थित राज अस्पताल में एक मरीज की मौत और इलाज के नाम पर 22 लाख रुपये का भारी-भरकम बिल वसूलने के आरोपों के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। जांच टीम का नेतृत्व परियोजना पदाधिकारी मनीषा तिर्की कर रही हैं। टीम के अस्पताल पहुंचते ही प्रबंधन में हड़कंप मच गया और कई दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई। मामला उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया और परिजनों ने आरोप लगाया कि पैर में फ्रैक्चर होने पर मरीज को राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि शुरुआती दिनों में सही इलाज और ड्रेसिंग नहीं की गई, जिससे घाव में गंभीर संक्रमण फैल गया। संक्रमण बढ़ने के बाद मरीज की हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल ने आईसीयू और इलाज के नाम पर करीब 22 लाख रुपये का बिल वसूला, लेकिन इसके बावजूद मरीज को बचाया नहीं जा सका। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची उपायुक्त को तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि मामले की गहराई से जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके बाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम को अस्पताल भेजा। जांच टीम ने अस्पताल के ओपीडी, प्रशासनिक ब्लॉक और संबंधित वार्डों का निरीक्षण किया। साथ ही मरीज की केस हिस्ट्री, इलाज से जुड़े दस्तावेज, बिलिंग डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में मेडिकल लापरवाही या अनियमित बिलिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यहां तक कि रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल को सील करने की भी कार्रवाई संभव है।

Next Story