
Jharkhand: रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेंज की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सुधार व आधुनिकीकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं, उपकरणों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण प्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पेयजल, रखरखाव और आधारभूत सुविधाओं की कमी पर भी उन्होंने असंतोष जताया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज को आधुनिक मानकों के अनुसार विकसित किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रशिक्षण अवसर मिले।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने फायर सेफ्टी सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी, उपकरणों के रखरखाव और नियमित अभ्यास व्यवस्था को मजबूत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद शूटिंग राइफल से निशाना लगाया और खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी जरूरतें जानी। इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।





