
Jharkhand: देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चांदना को जमीन विवाद से जुड़े अदालत के आदेश के बाद सील कर दिया गया। स्कूल बंद पाए जाने के बाद सोमवार सुबह पहुंचे छात्र-छात्राओं ने गेट पर ताला देखकर विरोध शुरू कर दिया और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द स्कूल खोलने की मांग की। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) अमिताभ झा मौके पर पहुंचे। आक्रोशित छात्रों और अभिभावकों ने उन्हें घेर लिया और काफी देर तक वहीं रोके रखा। आरोप है कि उन्हें घंटों तक बाहर नहीं निकलने दिया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद बीईईओ को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान बीडीओ नीलम कुमारी भी मौजूद रहीं। प्रशासन ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, हालांकि कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही। शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूल सील होने से करीब 250 विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हुई है। विभाग ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए उन्हें पास के विद्यालय से टैग कर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। मंगलवार से छात्रों को नजदीकी स्कूल में भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने कहा कि विभाग वैकल्पिक व्यवस्था को अंतिम रूप दे रहा है और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, कानूनी विशेषज्ञों से राय लेकर अदालत के आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील पर भी विचार किया जा रहा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द समाधान निकालकर छात्रों की पढ़ाई को नियमित किया जाएगा।





