
सिमडेगा। झारखंड राज्य पेंशनर समाज के 21वें स्थापना दिवस सह वार्षिक अधिवेशन के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी घोषणा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि जिले में बुजुर्गों और पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही एक स्पेशल सेल (Special Cell) का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा, जिससे वरिष्ठ नागरिक किसी भी आपात स्थिति में सीधे पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
एसपी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के लिए सभी थाना और ओपी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे, ताकि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
इसके अलावा उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान और सरकारी योजनाओं में समाज के सहयोग की अपील की। एसपी ने कहा कि बुजुर्ग समाज में अनुभव और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण स्रोत हैं, जो युवाओं को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने एसपी को सम्मानित किया और समाज सेवा में उनके योगदान की सराहना की। एसपी ने सिमडेगा में हॉकी सहित खेल संस्कृति के विकास में पेंशनर समाज के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, पदाधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।





