
गढ़वा। डंडई प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के बाद एक महिला की मौत से सोमवार को भारी हंगामा हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी कर्मियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।
मृतका की पहचान कमला कुमारी (पति सोनू कुमार कुशवाहा) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला को 4 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह करीब 3:30 बजे ऑपरेशन के जरिए प्रसव हुआ, जिसमें एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ। इसके बाद महिला को लगातार रक्तस्राव होने लगा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय पर डॉक्टर को नहीं बुलाया गया और इलाज में गंभीर लापरवाही की गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि हालत बिगड़ने के बावजूद महिला को समय पर रेफर नहीं किया गया। बाद में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर उसे निजी वाहन से गढ़वा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और बाद में सिविल सर्जन मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन आक्रोशित लोग नहीं माने और दोनों अधिकारियों को घंटों अस्पताल परिसर में घेर कर रखा।
स्थिति तब सामान्य हुई जब प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं, आवास, शिक्षा और नौकरी से जुड़ा आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। सिविल सर्जन ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर चिकित्सक, नर्स और अन्य कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और एंबुलेंस सेवा को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।





