झारखंड

झारखंड में भारी बारिश, वज्रपात से एक की मौत, चेतावनी जारी

Deepa Sahu
25 Feb 2022 3:52 AM GMT
झारखंड में भारी बारिश, वज्रपात से एक की मौत, चेतावनी जारी
x
राजधानी रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है।

रांची, राजधानी रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। रांची में देर शाम झमाझम बारिश हुई है। वहीं सुबह रांची में मौसम साफ है। कुछ इलाकों में वज्रपात गिरने की भी घटना हुई। तुपुदाना के सौदाग महुआ टोली निवासी गोंदला तिर्की की पत्नी मीना तिर्की की वज्रपात से मौत हो गई। वहीं रांची और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हुई। इससे सब्जियों की फसल को भी नुकसान पहुंचा।

रांची में 23 एमएम बारिश रिकार्ड
मौसम विभाग के अनुसार, रांची में 23 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। वहीं जमशेदपुर में 16.0 और मेदिनीनगर में 14.6 एमएम बारिश हुई। मौसम विज्ञानी और मौसम विभाग रांची के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, पलामू, रांची, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, साहिबगंज, दुमका, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गुमला, खूंटी, लातेहार, जामताड़ा, , लोहरदगा, कोडरमा, सरायकेला खरसांवा और देवघर में मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। इन इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई थी।
वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी

मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि 25 और 26 फरवरी को भी झारखंड के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। झारखंड के मध्य, दक्षिणी और उत्तर पूर्वी इलाके में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। वज्रपात को भी लेकर चेतावनी जारी की गई है। 27 फरवरी को आंशिक रूप से ही बादल छाएंगे। अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे पूर्वी राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का निर्माण हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम होकर एक ट्रफ गुजर रहा है। इसका असर झारखंड पर भी पड़ रहा है।
न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी

बादल घिरने और बारिश होने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। बारिश बंद होने के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अगले 24 घंटे में ऐसा रहेगा मौसम हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना न्यूनतम तापमान में होगी बढ़ोतरी कुछ इलाकों में हो सकती है ओलावृष्टिवज्रपात की भी आशंका

पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए रुकी थी महिला

मीना तिर्की गांव के समीप पत्थर के टंगरा में धान सुखा रही थी। अचानक बादल घिरने और बूंदाबांदी होने से वह धान उठाकर जल्दी-जल्दी अपने घर आ रही थी। रास्ते में बारिश तेज हो जाने के कारण इमली के पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए रुकी थी। लेकिन वज्रपात की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई। ग्रामीणों एवं परिवार के लोगों ने तत्काल हुलंहुडुं स्थित हॉस्पिटल में इलाज के लिए लाए जहां उसकी मौत हो गई।
बेड़ो के आधा दर्जन गांवों में लाखों की फसल बर्बाद

रांची के बेड़ो प्रखंड के आधा दर्जन गांवों में गुरुवार की अपराह्न हुई ओलावृष्टि से लाखों रुपये की फसल बर्बाद हो गई। मटर, फूलगोभी, बंधागोभी, फ्रेंचबीन, टमाटर, गेहूं, शिमला मिर्च, बीन, सरसों समेत सब्जियों की अन्य फसल चौपट हो गई। प्रखंड के पुरियो, फादिलमर्चा, कठर टोली, केशा, मुरतो नगड़ी टोली, चरिमा सहित आसपास के कई गांवों में ओले पड़ने से किसानों की तैयार मटर सहित अन्य सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। इससे किसान चिंतित हैं।
किसानों को लाखों रुपये का नुकसान, मुआवजे की मांग

बेड़ो प्रखंड के दर्जनों किसानों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों का कहना है कि बैंक से केसीसी लोन लेकर सब्जियों की खेती की थी। मटर की अच्छी खेती से उत्साहित किसानों की सारी उम्मीदों पर ओलावृष्टि ने पानी फेर दिया है।
किसानों ने बताया कि सरकार से मुआवजा नहीं मिला, तो कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा। किसानों को ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि ने किसान को बर्बाद कर रख दिया है। फसल बर्बाद होने के बाद किसानों के घरों में उदासी छा गई है। उन्हें चिंता सता रही है कि बैंक का लोन कैसे चुकता करेंगे। दर्जनों किसानों ने मटर की फसल बोई, जो फसल लगभग तैयार हो चुकी थी। उसे बेचकर किसानों को अपना पूरे साल के लिए अपने परिवार का भरण-पोषण करना होता है, लेकिन ओलावृष्टि ने किसान की मटर सहित अन्य सब्जी फसल को लगभग बर्बाद करके रख दिया है। किसानों ने प्रखंड प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
अगले चार दिनों तक ये रहेगा शहर का तापमान

26 फरवरी अधिकतम 27 व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस
27 फरवरी अधिकतम 27 व न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस
28 फरवरी अधिकतम 28 व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस
01 मार्च अधिकतम 28 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस


Next Story