
झारखंड: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उनका ब्लड शुगर लेवल काफी बढ़ गया था, जिसके कारण उन्हें देर रात अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों और पूर्व प्रेस सलाहकार चंचल गोस्वामी ने बताया कि शुगर लेवल बढ़ने के बाद चंपाई सोरेन असहज महसूस कर रहे थे। स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत को नियंत्रण में बताया। अभी वे डॉक्टरों की देखरेख में हैं और आराम कर रहे हैं।
चंपाई सोरेन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता का माहौल बन गया। उनके समर्थक और कई राजनीतिक नेता भी उनसे मिलने टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे। ओडिशा के पूर्व राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले सहित कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। सरायकेला क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल से ही चंपाई सोरेन ने अपने समर्थकों को संदेश दिया कि उनकी तबीयत अब ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की निगरानी में वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं और जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर जनता के बीच लौटेंगे।





