झारखंड

झारखंड में तीसरे मोर्चे का गठन, पांच विधायक है मोर्चे में शामिल

Renuka Sahu
12 March 2022 4:24 AM GMT
झारखंड में तीसरे मोर्चे का गठन, पांच विधायक है मोर्चे में शामिल
x

फाइल फोटो 

झारखंड की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत उभर रहे हैं। राज्य के पुराने दिग्गजों के द्वारा तीसरा मोर्चा बनाया गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत उभर रहे हैं। राज्य के पुराने दिग्गजों के द्वारा तीसरा मोर्चा बनाया गया है। इस नए मोर्चे का नाम झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा रखा गया है। फिलहाल इसमें आजसू, एनसीपी शामिल है। दिग्गज विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय व अमित यादव का भी साथ तीसरे मोर्चे को मिला है। झारखंड विधानसभा में तीसरे मोर्चे के पांच विधायक होंगे। इनमें आजसू के दो विधायक सुदेश महतो व लंबोदर, निर्दलीय विधायक अमित यादव व सरयू राय और एनसीपी विधायक कमलेश सिंह शामिल हैं।

मीडिया से बात करते हुए आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने बताया कि ये तीसरा मोर्चा झारखंड की भलाई के लिए बना है। दरअसल, कुछ छोटी पार्टियों को अपनी बात सदन में रखने का समय काफी कम मिलता है। इसलिए यह मोर्चा बनाया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मोर्चे की जानकारी स्पीकर को भी देने जा रहे है।

इधर, कमलेश सिंह ने मीडिया से कहा कि यह एक तरह का प्रयोग है। हमने पहले ही बैठक कर तय कर लिया था कि तीसरा मोर्चा बनाया जाए, ताकि हम अपनी पूरी बात सदन में रख सकें। वहीं आजसू के विधायक लंबोदर महतो ने कहा कि सदन के अंदर खासकर जमीन के मामले अनसुने रह जाया करते थे। अब सारे मामलों को ठीक तरीके से रखा जाएगा। यह मोर्चा जनहित को ख्याल में रखकर बनाया गया है। लंबोदर महतो ने कहा कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो 2024 में हम साथ रहेंगे। फिलहाल तय हुआ है कि सदन में और बाहर भी साथ रहेंगे. मालूम हो कि फिलहाल झारखंड विधानसभा के बजट सत्र जारी है।

Next Story