झारखंड

आग से 20 लाख रुपये का नुकसान

Saba Naaz
24 Jun 2026 5:07 PM IST
आग से 20 लाख रुपये का नुकसान
x

Jharkhand: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदों मोड़ स्थित एक फर्नीचर और सोफा सेट गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग से गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो रहा मकान भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुरेश फर्नीचर दुकान सह गोदाम में सोफा सेट, पलंग और अन्य लकड़ी के सामान का निर्माण और भंडारण किया जाता था। मंगलवार को मजदूरों ने दिनभर काम कर कई सोफा सेट तैयार किए थे, जबकि कुछ सामान पहले से गोदाम में रखा हुआ था।

रात करीब आठ बजे सभी मजदूर खाना खाने बाहर गए थे, तभी स्थानीय लोगों ने गोदाम से आग की लपटें उठती देखी और तुरंत सूचना दी। जब तक व्यवसायी सुरेश साहू अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचे, आग पूरी तरह फैल चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।

इस घटना में तैयार और अर्धनिर्मित 20 सोफा सेट, पलंग, मशीनें, फोम और लकड़ी सहित पूरी सामग्री जलकर खाक हो गई। व्यवसायी ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर यह कारोबार शुरू किया था और अब पूरा सामान नष्ट हो गया है।

पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story