
Jharkhand: बोकारो में कांग्रेस नेताओं ने युवाओं की बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी और लगातार पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि देश में युवाओं का भविष्य गंभीर संकट में है और नौकरी के अवसर लगातार घट रहे हैं।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि 2014 से 2024 के बीच देश में करीब 89 पेपर लीक मामले सामने आए, जिनके कारण कई बार परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ीं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 15 राज्यों में 41 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने नीट यूजी, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती, सीटेट और यूजीसी नेट जैसी परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि इनसे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं, जिससे बेरोजगारी की स्थिति और गंभीर हो गई है।
शाहदेव ने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी दर और छात्र आत्महत्या के मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी की जांच की मांग भी उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने कहा कि पार्टी बेरोजगारी और रिक्त पदों पर नियुक्ति जैसे मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।





