
झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बड़ा रेल हादसा टल गया, जब प्लेटफार्म संख्या चार पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी की सभी बोगियों में कोयला लदा हुआ था। इसी दौरान एक बोगी से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। मौके पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा से दमकल की टीम अग्निशमन वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। मालगाड़ी के ऊपर हाई-वोल्टेज तार होने के कारण शुरुआती चरण में आग बुझाने में सावधानी बरतनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने पानी की तेज बौछार कर आग पर काबू पाया और उसे अन्य बोगियों तक फैलने से रोक लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल किसी यात्री या रेलवे कर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी या कोयले में आंतरिक सुलगन के कारण यह घटना हुई हो सकती है। रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।





