झारखंड

पूर्वी सिंहभूम ने झारखंड में शिक्षा में किया टॉप

Saba Naaz
12 Jun 2026 9:23 PM IST
पूर्वी सिंहभूम ने झारखंड में शिक्षा में किया टॉप
x

झारखण्ड:पूर्वी सिंहभूम बना झारखंड का शिक्षा में नंबर वन जिला, 77.95% स्कोर के साथ हासिल किया पहला स्थान

अप्रैल-मई 2026 की जिला शिक्षा प्रदर्शन समीक्षा रिपोर्ट में पूर्वी सिंहभूम ने 77.95 प्रतिशत स्कोर के साथ झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और कंसल्टिंग एजेंसी KPMG की 12वीं संस्करण रिपोर्ट में जिले को 24 जिलों में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया है। यह रैंकिंग मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम, स्कूल प्रबंधन, छात्र उपस्थिति, प्रशासनिक दक्षता और बुनियादी ढांचे के आधार पर तैयार की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह उपलब्धि केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि लगातार मॉनिटरिंग, डेटा आधारित प्रबंधन और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय की टीम की भूमिका भी अहम रही है।

पिछले कुछ महीनों में जिले की रैंकिंग में लगातार सुधार देखने को मिला है। दिसंबर 2025 में पांचवां स्थान, जनवरी में सातवां, फरवरी में 11वां, मार्च में चौथा और अप्रैल-मई 2026 में पहला स्थान हासिल किया गया। इस तरह जिले ने तेजी से सुधार करते हुए अन्य जिलों को पीछे छोड़ दिया।

राज्य रैंकिंग में लोहरदगा दूसरे, रामगढ़ तीसरे, सरायकेला-खरसावां चौथे और दुमका पांचवें स्थान पर रहा। वहीं गिरिडीह, गोड्डा और गढ़वा सबसे निचले स्थान पर रहे।

मैट्रिक परीक्षा 2026 में भी पूर्वी सिंहभूम का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, जहां 128 स्कूलों में कोई भी छात्र फेल नहीं हुआ। जिले का औसत पास प्रतिशत 98% रहा। आठ स्कूलों में सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से पास हुए। विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों में कई स्कूलों ने शत-प्रतिशत परिणाम दिए।

जिले के 1,675 स्कूलों में छात्र उपस्थिति भी बढ़कर 66.50 प्रतिशत पहुंच गई है। शिक्षा विभाग ने इसे सामूहिक प्रयास, बेहतर निगरानी और शिक्षा गुणवत्ता सुधार का परिणाम बताया है। यह उपलब्धि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संकेत मानी जा रही है।

Next Story