
Jharkhand:रांची के गेतलसूद सोलर प्रोजेक्ट में ग्रामीणों का प्रदर्शन, सीएसआर फंड पर उठे सवाल
रांची के गेतलसूद डैम क्षेत्र में निर्माणाधीन सोलर पावर परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सेकी के बेस कैंप पर प्रदर्शन किया और सीएसआर फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीएसआर मद की राशि का गलत उपयोग किया गया है और फर्जी बिल बनाकर करोड़ों रुपये के गड़बड़ी की गई है।
विस्थापित संघर्ष समिति के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में ग्रामीणों ने स्थानीय विकास कार्यों और विस्थापितों के अधिकारों को प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही उन्होंने मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। इस दौरान ग्रामीणों ने सेकी प्रबंधन को एक ज्ञापन भी सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना में बिचौलियों की भूमिका बढ़ गई है, जिससे पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। इस आंदोलन में कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
गौरतलब है कि गेतलसूद में सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया से जुड़ी इस परियोजना को लेकर पहले भी विरोध हो चुका है। 18 मई को भी ग्रामीणों ने घेराव और प्रदर्शन किया था। इसके बाद हुई बैठक में प्रबंधन सीएसआर फंड के खर्च का पूरा विवरण नहीं दे सका था, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पारदर्शिता नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।





