
Jharkhand: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदों मोड़ पर स्थित एक फर्नीचर दुकान सह गोदाम में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का तैयार और कच्चा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग से गोदाम के रूप में इस्तेमाल हो रहा मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पीड़ित व्यवसायी और उसका परिवार गहरे सदमे में है।
जानकारी के अनुसार, कुड़ू निवासी सुरेश साहू किराए के मकान में फर्नीचर का कारोबार चलाते थे, जहां सोफा सेट, पलंग और अन्य लकड़ी के सामान का निर्माण किया जाता था। मंगलवार को दिनभर मजदूरों ने काम कर 7 नए सोफा सेट तैयार किए थे, जबकि 12 सोफा सेट पहले से गोदाम में रखे हुए थे। रात करीब 8 बजे मजदूर काम खत्म कर खाना खाने चले गए थे, तभी कुछ ही देर बाद गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं।
सूचना मिलने पर सुरेश साहू अपने दोनों बेटों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जो करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस अग्निकांड में तैयार और अर्धनिर्मित सोफा सेट, पलंग, मशीनें, कपड़ा, फोम और कीमती लकड़ी सहित पूरा सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर यह कारोबार शुरू किया था और अब उनके सामने परिवार चलाने और कर्ज चुकाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिलने पर मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।





