झारखंड

टोल प्लाजा के पास चलती कार धू-धूकर जली

Saba Naaz
24 Jun 2026 3:16 PM IST
टोल प्लाजा के पास चलती कार धू-धूकर जली
x

Jharkhand: रांची-रामगढ़ हाईवे स्थित पुंदाग टोल प्लाजा के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक डस्टर कार में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार यह घटना करीब 11:30 बजे उस समय हुई जब कार टोल प्लाजा पर पहुंचकर रुकी थी। कार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि समय रहते सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डस्टर कार (जेएच 02बीवाई-9129) में तीन लोग सवार थे, जो रामगढ़ से रांची की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन पुंदाग टोल प्लाजा के पास पहुंचा और टोल देने के लिए रुका, तभी टोलकर्मियों ने कार से धुआं निकलते देखा। स्थिति को गंभीर समझते हुए टोलकर्मियों ने तुरंत सूझबूझ और साहस का परिचय दिया।

टोलकर्मियों ने बिना समय गंवाए कार को धक्का देकर टोल प्लाजा से करीब 100 गज दूर सड़क किनारे पहुंचाया, ताकि आग से अन्य वाहनों और लोगों को कोई नुकसान न हो। इसके बाद कार में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। टोलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में पूरी कार जल गई।

घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया गया। हालांकि दमकल की टीम करीब डेढ़ घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में आग पर काबू पाया गया।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। टोलकर्मियों की तत्परता और बहादुरी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और तीन लोगों की जान बच गई। स्थानीय लोगों ने भी टोल कर्मचारियों के त्वरित निर्णय की सराहना की है, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल सकी।

Next Story