झारखंड

सिविल कोर्ट हजारीबाग ने अपना 75वां स्थापना दिवस मनाया

Renuka Sahu
5 April 2024 5:26 AM GMT
सिविल कोर्ट हजारीबाग ने अपना 75वां स्थापना दिवस मनाया
x
सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन भवन में एक समारोह का आयोजन किया गया.

हजारीबाग : सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन भवन में एक समारोह का आयोजन किया गया. आयोजन का मुख्य उद्देश्य सिविल कोर्ट की 75वीं वर्षगांठ मनाना था. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला जज सत्य प्रकाश सिन्हा, कुटुंब न्यायाधीश संजीव दास और बार संघ अध्यक्ष राजकुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस मौके पर सिविल कोर्ट के सभी न्यायिक पदाधिकारी, हजारीबाग बार संघ के कार्यकारिणी सदस्य और सभी सिविल कोर्ट कर्मचारी मौजूद थे. कार्यक्रम में प्रधान जिला जज सत्य प्रकाश सिन्हा ने कहा कि सभी के सहयोग से ही न्याय प्रशासन की कार्रवाई आगे बढ़ती है और इसमें सभी का अहम योगदान है. उन्होंने इस सहयोगात्मक रवैया को आगे बढ़ाते हुए सभी से लंबित वादों के त्वरित निष्पादन की अपील भी की. उन्होंने साथ में यह भी कहा कि जो नए कानून में बदलाव आए हैं, उस पर तैयारी करते हुए सभी को एक साथ मिलकर कार्य करना होगा. साथ ही उन्होंने कहा कि सिविल कोर्ट को इस मुकाम तक पहुंचने वाले सभी लोगों के प्रति वे अपना आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समयाभाव और संसाधनों की कमी के कारण वैसे अधिवक्ता या वैसे कर्मचारी जिन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका नहीं मिला उनके प्रति भी वह अपना आभार प्रकट करते हैं.

कार्यक्रम में कुटुंब न्यायाधीश संजीव दास ने कहा कि पहले और वर्तमान में हजारीबाग जिले के साथ-साथ हजारीबाग सिविल कोर्ट भी विकास की नई ऊंचाई पर खड़ा है. और उन्होंने इसे निरंतर आगे बढ़ने पर बल दिया वहीं बार संघ अध्यक्ष राजकुमार ने हजारीबाग बार संघ के इतिहास और हजारीबाग सिविल कोर्ट और बार संघ के समन्वय की इतिहास बताई. उन्होंने हजारीबाग बार संघ परिवार की ओर से सभी को आश्वस्त किया कि बार संघ से सिविल कोर्ट प्रशासन को हमेशा सहयोग मिलता रहेगा.
इस मौके पर को कोर्ट प्रशासन ने बार संघ के वरीय अधिवक्ताओं में धन कुमार जैन, स्वरूप चंद जैन, यूनुस वारसी, सुरेंद्र प्रसाद कर्ण, दिगंबर मेहता, विजय कुमार सिंह और दिलीप कुमार मुखर्जी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। जबकि अधिवक्ता मनोहर प्रसाद, भैया अशोक कुमार और शशि भूषण लाल किसी कारण से उपस्थित नहीं हो सके. इसी क्रम में सिविल कोर्ट कर्मचारी में सुनील कुमार सिन्हा, मोहम्मद मुख्तार हुसैन, प्रसन्नजीत घोष और मनोहर उपाध्याय को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं अपरिहार्य कारणों से अमल कुमार देव उपस्थित नहीं हो सके। कार्यक्रम में मंच का संचालन न्यायिक पदाधिकारी शिवानी शर्मा कर रही थी. जबकि धन्यवाद ज्ञापन सिविल कोर्ट निबंधक मोहित ने किया और उन्होंने सभी के प्रति अपना आभार जताते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष कर प्रधान जिला जज, सभी न्यायिक पदाधिकारियों, सभी कर्मचारियों और बार संघ के पदाधिकारियों के प्रति अपना आभार जताया और सभी को धन्यवाद दिया.


Next Story