झारखंड

रांची में चेन स्नैचिंग की वारदात, महिला निशाना

Saba Naaz
3 July 2026 2:15 PM IST
रांची में चेन स्नैचिंग की वारदात, महिला निशाना
x

झारखंड: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, महिला अर्पण विला, विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के पास सब्जी खरीदकर घर लौट रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो हेलमेट पहने अपराधियों ने उसे निशाना बनाया। दोनों बदमाशों ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए।

यह घटना बरियातू थाना के ठीक पीछे हुई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब थाना के नजदीक ही इस तरह की वारदात हो सकती है तो अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठते हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से खासकर महिलाओं में भय का माहौल बनता जा रहा है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद पुलिस गश्त बढ़ाने पर भी विचार कर रही है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Next Story