
Jharkhand: रांची। सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 के परिणाम में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), रांची की कॉमर्स छात्रा अवनी केजरीवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से पूरे 500 अंक हासिल किए हैं और देश की ऑल इंडिया टॉपर बन गई हैं। इस उपलब्धि ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे रांची और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है।
अवनी की इस सफलता के बाद डीपीएस रांची में जश्न का माहौल देखने को मिला। स्कूल परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज रही और छात्रों व शिक्षकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। शिक्षकों का कहना है कि अवनी की मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
स्कूल प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अवनी ने पूरे संस्थान को गौरवान्वित किया है। उन्होंने अवनी के माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
अवनी की इस उपलब्धि को देशभर में एक नया बेंचमार्क माना जा रहा है, क्योंकि बोर्ड परीक्षा में पूर्ण अंक हासिल करना बेहद कठिन माना जाता है। शिक्षकों और सहपाठियों ने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अवनी की इस उपलब्धि पर पूरे राज्य में गर्व का माहौल है और उनकी सफलता को छात्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया जा रहा है।





