
Jharkhand: बोकारो जिले के टीटीपीएस ललपनिया की रहने वाली कुमारी निकिता ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की आधिकारिक नेशनल फाइनलिस्ट में अपनी जगह बना ली है। इस सफलता से पूरे बोकारो और झारखंड में खुशी का माहौल है।
निकिता के पिता लक्ष्मण कुमार टीटीपीएस में सहायक अभियंता हैं, जबकि उनकी मां वंदना कुमारी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली निकिता ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनका छोटा भाई भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
निकिता की शुरुआती पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल ललपनिया से हुई। उन्होंने 2019 में बिहार बोर्ड से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की और 2023 में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें नौकरी का अवसर भी मिला, लेकिन मॉडलिंग के प्रति जुनून के चलते उन्होंने करियर बदलने का फैसला किया।
मॉडलिंग की शुरुआत कॉलेज जीवन से हुई, जहां फ्रेशर्स डे कार्यक्रम में रैंप वॉक के दौरान उन्होंने पहला अनुभव हासिल किया और तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी दौरान उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ना है।
इसके बाद निकिता ने मिस झारखंड और मिस बिहार जैसी प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर वे अब मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के राष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुकी हैं।
अब निकिता राष्ट्रीय खिताब की दौड़ में शामिल हैं और आने वाले दिनों में ग्रूमिंग सेशन, इंटरव्यू और विभिन्न चरणों में हिस्सा लेंगी। यदि वे यह प्रतियोगिता जीतती हैं तो भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंच मिस यूनिवर्स में करेंगी।
ग्लैमर के साथ-साथ निकिता समाजसेवा से भी जुड़ी हैं। वे समय-समय पर रांची में अनाथ बच्चों के विद्यालय जाकर उन्हें शिक्षा और मार्गदर्शन देती हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही समाज में बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है।
उनकी इस उपलब्धि को लेकर क्षेत्र में गर्व का माहौल है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।





