झारखंड

ट्रेन में दबंगई, झारखंड की दरोगा और परिवार पर हमला

Saba Naaz
6 July 2026 2:40 PM IST
ट्रेन में दबंगई, झारखंड की दरोगा और परिवार पर हमला
x

Jharkhand: गया-हावड़ा एक्सप्रेस में आरक्षित सीट को लेकर झारखंड पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर पूजा कुमारी, उनके पति और बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में आरक्षित सीट को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से हमला किया गया। विरोध करने पर महिला दरोगा ने इंजन के सामने खड़े होकर विरोध जताया, जिससे ट्रेन करीब एक घंटे तक काशीचक स्टेशन पर रुकी रही। पूजा कुमारी झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना में पदस्थापित हैं और अपने पति हरिओम कुमार तथा बच्चे के साथ बरहरवा ड्यूटी जॉइन करने लौट रही थीं। उनके पति भी झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच में सब इंस्पेक्टर हैं। परिवार के पास आरक्षित टिकट था और वे अपनी सीट पर यात्रा कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार नवादा स्टेशन के पास कुछ युवक उनकी सीट पर बैठ गए। जब दंपती ने सीट खाली करने को कहा और टिकट दिखाया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर मारपीट की, जिसमें महिला दरोगा, उनके पति और बच्चा भी प्रभावित हुए। घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। महिला दरोगा ने आरोप लगाया कि शुरुआत में आरपीएफ और जीआरपी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन बाद में हस्तक्षेप किया गया। घटना के बाद उन्होंने काशीचक स्टेशन पर ट्रेन रोककर इंजन के सामने खड़े होकर विरोध किया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर ट्रेन आगे रवाना हुई।

पूजा कुमारी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने एक युवक विमलेश कुमार का नाम भी शिकायत में दर्ज कराया है। मामले की जांच जीआरपी द्वारा शुरू कर दी गई है।

Next Story