झारखंड

स्टेडियम से ब्राउन शुगर बरामद, तीन गिरफ्तार

Saba Naaz
6 July 2026 3:26 PM IST
स्टेडियम से ब्राउन शुगर बरामद, तीन गिरफ्तार
x

झारखंड: दुमका जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। हंसडीहा स्टेडियम में छापेमारी कर पुलिस ने तीन युवकों को 9.72 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि प्लस टू हाई स्कूल हंसडीहा स्टेडियम के एक कमरे में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और मौके पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में सहादत शेख (19) के पास से 5.46 ग्राम, मो. बसीर (19) के पास से 2.78 ग्राम और आर्यन शेख (19) के पास से 1.48 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद राजपत्रित पदाधिकारी की मौजूदगी में पदार्थ का वजन कराया गया और उसे जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ, हंसडीहा थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।

Next Story