
Jharkhand: बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत दुगदा थाना क्षेत्र के दुगदा बस्ती में गुरुवार को विवाहिता की मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया, जबकि ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय रोशनी कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब पांच वर्ष पहले दुगदा बस्ती निवासी पृथ्वी केवट उर्फ लालू से हुई थी। रोशनी का मायके रामगढ़ जिले के चितरपुर में है, जबकि उसका ननिहाल भी दुगदा बस्ती में ही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग मृतका को चंद्रपुरा अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां उन्होंने बताया कि रोशनी ने घर के बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद यह खबर मायके पक्ष और ननिहाल तक पहुंची, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
मायके पक्ष का आरोप है कि रोशनी की गला दबाकर हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। गुस्साए परिजनों ने कहा कि जब तक पूरे ससुराल पक्ष की गिरफ्तारी नहीं होती, वे पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं।
मृतका की एक तीन वर्षीय बेटी भी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है। वहीं, परिजन पूरे ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराने दुगदा थाना पहुंचे हैं। पुलिस ने अस्पताल में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





