झारखंड

Bokaro: अवैध दवा बिक्री पर लगेगा शिकंजा

Saba Naaz
23 Jun 2026 8:02 PM IST
Bokaro: अवैध दवा बिक्री पर लगेगा शिकंजा
x

Jharkhand: बोकारो में नशीली दवाओं और प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और औषधि विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत दवा दुकानों, लाइन होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जिले में नशे के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। स्कूलों में पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्रों को नशे से दूर रहने की सलाह दी जा रही है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ढाबों और लाइन होटलों में भी नियमित जांच कर रहा है। हाल ही में चास क्षेत्र में चलाए गए अभियान में सात लाइन होटलों की जांच की गई और नियमों के उल्लंघन पर 4,300 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

जिला प्रशासन के निर्देश पर अब दवा दुकानों में भी विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली दवाओं की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाए। सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संयुक्त टीम बनाकर नियमित जांच करने को कहा गया है।

प्रशासन ने शराब दुकानों के आसपास खुले में शराब सेवन पर भी रोक लगाई है। पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लोगों को नशे से दूर रहने की सलाह दे रही है।

जांच अभियान में औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Story