झारखंड

Bharatpur: कोयले से लदे ट्रेलर में आग लगने से ड्राइवर की दर्दनाक मौत

Sarita
3 March 2026 12:08 PM IST
Bharatpur: कोयले से लदे ट्रेलर में आग लगने से ड्राइवर की दर्दनाक मौत
x
Bharatpur भरतपुर : भरतपुर शहर में सोमवार देर रात एक भयावह दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सारस चौराहे के पास कोयले से भरा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और कुछ ही पलों में आग की लपटों में घिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक को संभलने या बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिल सका और वह जिंदा ही जल गया।घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर आगरा से जयपुर की ओर जा रहा था। जब वाहन सारस मोड़ के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार के चलते संतुलन बिगड़ गया और ट्रेलर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी वाहन पलट गया। पलटते ही डीजल सड़क पर फैल गया और चिंगारी लगते ही आग ने विकराल रूप ले लिया।
सीओ सिटी पंकज यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रेलर पलट गया था, जिससे ईंधन रिसाव हुआ और आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते पूरा ट्रेलर धधकने लगा। चालक की मौके पर ही मौत हो गई। शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। सीओ सिटी पंकज यादव, एडिशनल एसपी गणपत महावर और मथुरा गेट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का ढांचा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
Next Story