झारखंड

दारोगा बैच की वर्षगांठ पर झारखंड पुलिस में खुशी का माहौल

Saba Naaz
23 Jun 2026 7:24 PM IST
दारोगा बैच की वर्षगांठ पर झारखंड पुलिस में खुशी का माहौल
x

Jharkhand: झारखंड के पहले दारोगा बैच ने अपने सेवा काल के 14 वर्ष पूरे होने पर बोकारो में वर्षगांठ समारोह मनाया। यह कार्यक्रम सेक्टर-1 स्थित हंस परिसर में देर रात आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल हुए। समारोह की शुरुआत शहीद पुलिस अधिकारियों को श्रद्धांजलि देकर की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि देश और समाज की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा और समर्पण को दोहराते हुए शहीद साथियों को याद किया। अधिकारियों ने कहा कि कर्तव्य पथ पर किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया गया है और आगे भी नहीं किया जाएगा।

इस दौरान बताया गया कि झारखंड बनने के बाद वर्ष 2008 में पहली बार दारोगा बहाली की प्रक्रिया शुरू की गई थी। चयनित अभ्यर्थियों को हजारीबाग पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में कठिन प्रशिक्षण दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में सेवा शुरू की।

सेवा के दौरान इस बैच के कई अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए गैलेंट्री अवॉर्ड मिला, जबकि कुछ पुलिसकर्मी नक्सली हमलों में शहीद भी हुए। इनमें सिमडेगा, चाईबासा, हजारीबाग, धनबाद और पलामू में शहीद हुए पुलिस अधिकारियों का नाम विशेष रूप से याद किया गया।

समारोह में मौजूद अधिकारियों ने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और सभी ने समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

Next Story