झारखंड

अनाज नहीं बांटने पर रांची जिले के 15 अफसरों पर कार्रवाई, इनके वेतन पर लगी रोक

Renuka Sahu
13 Jan 2022 1:37 AM GMT
अनाज नहीं बांटने पर रांची जिले के 15 अफसरों पर कार्रवाई, इनके वेतन पर लगी रोक
x

फाइल फोटो 

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत दो माह का अनाज वितरण नहीं करने पर रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 15 अफसरों के वेतन पर रोक लगा दी है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत दो माह का अनाज वितरण नहीं करने पर रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 15 अफसरों के वेतन पर रोक लगा दी है। इनमें दो सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, दो पणन पदाधिकारी और शेष प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल हैं। जुलाई एवं सितंबर 2021 में आवंटित चीनी और नमक का शतप्रतिशत वितरण नहीं करने पर उपायुक्त ने भारी नाराजगी जताई। कार्य में लापरवाही पर संबंधित एएसओ, बीएसओ और एमओ के वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया।

उपायुक्त ने कहा है कि कार्य में किसी तरह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोरोनाकाल में ससमय खाद्यान्य का उठाव और वितरण सुनिश्चित कराएं। खाद्यान्न वितरण में अच्छा कार्य करने वाले प्रखंडों की उपायुक्त ने प्रशंसा भी की। वह बुधवार को खाद्य आपूर्ति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पीएमजीकेवाई और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवंटित खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की।
उन्होंने प्रखंडवार सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से आवंटित खाद्यान्न का ससमय शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया। आधार सीडिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत प्रतिशत आधार सीडिंग करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को उपायुक्त द्वारा दिया गया। उन्होंने वैसे लाभुक या कार्डधारी जिनका आधार अभी तक राशन कार्ड में सीड नहीं किया गया है, उसे जल्द से जल्द सीड कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने गलत तरीके से की गई आधार सीडिंग को हटाने का भी निर्देश दिया।
झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत हरा राशन कार्ड लाभुकों के बीच अनाज वितरण की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को हरा राशन कार्डधारियों के बीच हर महीने खाद्यान्न का शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग, सभी सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित थे।
इनके वेतन पर लगी रोक
राकेश वर्मा, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुभाजन क्षेत्र, रांची
रविन्द्र प्रसाद सिंह, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुभाजन क्षेत्र, रांची
बिरेन्द्र कुमार सिंह, पणन पदाधिकारी, अनुभाजन क्षेत्र, रांची
प्रभु नारायण महतो, पणन पदाधिकारी, अनुभाजन क्षेत्र, रांची
बीरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, ओरमांझी
मिथिलेश सिन्हा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नामकुम
जोसेफ किन्डो, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, चान्हो
रामपुकार प्रजापति, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, खलारी
आशीष खलखो, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, तमाड़
मनोज कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, रातू
मुकेश कुमार श्रीवास्तव, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बुंडू
अवनी कान्त झा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बेड़ो
मोंका भेंगरा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, अनगड़ा
प्रभु नारायण महतो, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, नगड़ी
रंजन कुमार गुप्ता, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मांडर
Next Story