झारखंड

रांची में हादसा: तिरंगा लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से भाई और दो बहन सहित तीन की मौत, सीएम सोरेन ने जताया शोक

Renuka Sahu
15 Aug 2022 2:27 AM GMT
Accident in Ranchi: Three including brother and two sisters died due to electrocution while installing tricolor, CM Soren expressed grief
x

फाइल फोटो 

रांची के कांके के अरसंडे में घर की छत पर तिरंगा लगाने के दौरान भाई और दो बहनों समेत तीन की मौत हो गई।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रांची के कांके के अरसंडे में घर की छत पर तिरंगा लगाने के दौरान भाई और दो बहनों समेत तीन की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा रविवार शाम साढ़े छह बजे हुआ। मृतकों में आरती झा, विनीत झा और पूजा झा शामिल हैं। पूजा और विनीत सगे भाई-बहन हैं जबकि आरती दोनों की चचेरी बहन थी। पूजा का चयन एसबीआई में क्लर्क के पद पर हुआ था।

वहीं विनीत बीए व आरती एमए करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दोनों के पिता शिव कुमार झा और विजय झा गाय पालन करते हैं। दोनों मूलत: बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि विनीत घर की छत पर लोहे की रॉड से झंडा बांध रहा था। बारिश की वजह से मकान व रॉड गीला था। जिस रॉड पर झंडा लगाया जा रहा था, वह दबाव पड़ने के बाद समीप से गुजरे नंगे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया।
इससे विनीत करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद करंट पूरे मकान में फैल गया। विनीत की आवाज सुन पूजा व आरती दौड़ती हुई छत पर जा रही थी। इसी दौरान सीढ़ी में करंट की वजह से दोनों उसकी चपेट में आ गईं। घटना के वक्त घर पर विनीत की मां शांति देवी और आरती की मां धर्मशीला देवी और दादी सुगावती देवी मौजूद थीं। इसी बीच बिजली कट गयी। बाद में तीनों को कांके जनरल अस्पताल ले जाया गया। यहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।
सीएम सोरेन ने जताया दुख
तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'रांची के कांके में घर की छत पर तिरंगा झंडा लगाते वक्त करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु की दुःखद खबर मिली। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक-संतप्त परिवार को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।'
Next Story