
धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र में पुराने थाना के पास स्थित एक पीजी लॉज में कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि लॉज में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं, जिसके बाद एसडीपीओ लीलेश्वर महतो, थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती और अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे।
छापेमारी के दौरान पुलिस को लॉज के कमरों से कुछ आपत्तिजनक सामान और महिलाओं के उपयोग से संबंधित सामग्री मिली है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद दो युवक और दो युवतियां मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि फरार होने के दौरान कुछ लोगों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली और साक्ष्य एकत्र किए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लॉज को लेकर पहले भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत की गई थी। लोगों ने कई बार संचालक को चेतावनी भी दी थी कि रिहायशी इलाके में इस तरह की गतिविधियां स्वीकार्य नहीं होंगी। सोमवार को जब सीसीटीवी में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर फरार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही लॉज को सील कर दिया गया है और चाबी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों की बारीकी से जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





