जम्मू और कश्मीर

अमरनाथ यात्रियों के लिए इस बार भी 25 से अधिक लंगरों की सुविधा

HARRY
19 Jun 2023 6:41 PM GMT
अमरनाथ यात्रियों के लिए इस बार भी 25 से अधिक लंगरों की सुविधा
x
जनता से रिश्ता वेबडेस्क | उधमपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रियों के लिए इस बार भी 25 से अधिक लंगरों की व्यवस्था होगी। टिकरी से चिनैनी नाशरी सुरंग तक हाईवे के किनारे लंगर लगाए जाएंगे। यह लंगर 24 घंटे चलते रहेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने लंगर समितियों को अनुमति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिले में टिकरी से चिनैनी नाशरी सुरंग तक करीब 51 किलोमीटर लंबे हाईवे से अमरनाथ यात्रा निकलती है। जब कभी हाईवे बंद होता है तो जम्मू से रवाना किए अमरनाथ यात्रियों को उधमपुर में ही रखा जाता है। इस दौरान यात्रियों के खाने पीने का मुख्य साधन उधमपुर में लगाए गए लंगर होते हैं।
जम्मू के आधार शिविर से रवाना होने के बाद अमरनाथ यात्रा का जत्था सुबह का नाश्ता उधमपुर में ही करता है। उधमपुर में हर वर्ष 25 से 30 लंगर लगते हैं। इसके लिए प्रशासन अनुमति देता है और पुलिस सुरक्षा की जिम्मेदारी लेती है। यात्रा शुरू होने के दिन नजदीक आने के साथ ही तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
जिला प्रशासन के पास कुल 28 लंगर कमेटियों ने लंगर लगाने की अनुमति के लिए आवेदन किया है। इनकी पहले पुलिस वेरिफिकेशन करेगी और पुलिस की तरफ से एनओसी दिए जाने के बाद जिला प्रशासन इनको अनुमति प्रदान कर देगा।
यात्रा के दौरान लंगर में प्लास्टिक व पॉलीथिन के इस्तेमाल पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया है। लंगर समितियों को आदेश दिए हैं कि कोई भी प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करेगा। लंगरों में कूड़ेदान की व्यवस्था करनी होगी और सफाई व्यवस्था का पूरा ख्याल रखना होगा।
पिछले कुछ दिनों से लगातार लंगर लगाने के लिए आवेदन मिल रहे हैं और अभी तक कुल 28 लोग आवेदन कर चुके हैं। इनकी वेरिफिकेशन के लिए पुलिस को कहा गया है। जल्द ही इनको अनुमति प्रदान कर दी जाएगी और लंगर लगाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
Next Story