जम्मू और कश्मीर

Mata Vaishno Devi : श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, अब मुफ्त में मिलेगी आरती और ठहरने की सुविधा

Sarita
16 May 2025 6:39 AM IST
Mata Vaishno Devi : श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, अब मुफ्त में मिलेगी आरती और ठहरने की सुविधा
x
Mata Vaishno Devi: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आस्था की सबसे बड़ी तीर्थ यात्रा पर भी दिखने लगा है। आमतौर पर लाखों श्रद्धालुओं से गुलजार रहने वाली श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अब कुछ सुनसान नजर आ रही है। जहां पहले कटरा से भवन तक के रास्ते में काफी चहल-पहल रहती थी, वहीं अब दुकानें बंद हैं और श्रद्धालुओं की संख्या भी कम हो गई है। इस गिरावट को देखते हुए अब श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड सक्रिय हो गया है और श्रद्धालुओं को फिर से आकर्षित करने के लिए निशुल्क ठहरने से लेकर भोजन और आरती में भाग लेने जैसी सुविधाएं देने लगा है। कटरा के 'आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स' में निशुल्क ठहरने की सुविधा रविवार को श्राइन बोर्ड ने कटरा के 'आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स' में निशुल्क ठहरने की सुविधा देने की घोषणा की। इसके अलावा अर्धकुंवारी और भवन क्षेत्र में निशुल्क आरती, निशुल्क चाय और भोजन में भाग लेने की भी व्यवस्था की जा रही है। दिव्य आरती में भाग लेने का अवसर भी निःशुल्क
इसके साथ ही देवी भवन और अर्धकुंवारी मंदिर परिसर में प्रतिदिन होने वाली दिव्य आरती में भाग लेने का अवसर भी निःशुल्क उपलब्ध है। इन सुविधाओं से श्रद्धालु काफी खुश नजर आ रहे हैं और यात्रा के प्रति उत्साह फिर से लौटता नजर आ रहा है।
हालांकि सुबह-शाम की आरतियों में कुछ श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लेकिन दिन के समय यात्रा लगभग ठहरी हुई है। श्राइन बोर्ड, प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर कोशिश कर रहे हैं कि यात्रा फिर से पटरी पर लौटे और एक बार फिर मां वैष्णो देवी का मार्ग श्रद्धा और भीड़ से भर जाए।
कैसे पहुंचें वैष्णो देवी?
हवाई मार्ग: जम्मू एयरपोर्ट से कटरा (50 किमी)
रेल मार्ग: श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन
सड़क मार्ग: जम्मू, दिल्ली, पठानकोट से सीधा सड़क संपर्क
कटरा तक पहुंचना जितना आसान है, अब वहां रुकना और दर्शन करना भी उतना ही सुलभ और आरामदायक बन गया है — वो भी बिना किसी खर्च के।
Next Story