जम्मू और कश्मीर

Kathua: “संडे ऑन साइकिल” में फिटनेस और नशा विरोधी जागरूकता अभियान

Admindelhi1
25 May 2026 11:10 AM IST
Kathua: “संडे ऑन साइकिल” में फिटनेस और नशा विरोधी जागरूकता अभियान
x
फिट इंडिया अभियान के तहत आईआरपी-19 बटालियन की पहल

कठुआ: “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत आईआरपी-19 बटालियन कठुआ द्वारा एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं को फिट रहने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।

रविवार को आईआरपी-19 बटालियन परिसर से सैकड़ों युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। इस अवसर पर बटालियन के कमांडेंट ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के अनुरूप है और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में जागरूकता बढ़ेगी और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ नशे से दूर रहेंगे। साथ ही वर्ष 2030 में अहमदाबाद में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स को ध्यान में रखते हुए देशभर में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और युवाओं में आत्मविश्वास जगाने का भी यह एक प्रयास है। रैली में भाग लेने वाले बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

बटालियन द्वारा पूरे रैली मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाते हुए लोगों को फिट रहने और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।

Next Story