जम्मू और कश्मीर

Jammu-Kashmir: हमले के बाद ट्रैकिंग पर रोक, पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी

Sarita
29 April 2025 6:07 AM IST
Jammu-Kashmir: पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना, पहाड़ों और उनके आसपास के इलाकों में ट्रैकिंग के लिए न जाएं। बैसरन में हाल ही में हुई आतंकी घटना के चलते प्रशासन ने ट्रैकिंग पर रोक लगा दी है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह आदेश पूरे जम्मू-कश्मीर राज्य के लिए लागू किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पहलगाम के बैसरन इलाके में हुए आतंकी हमले के बाद यह कदम उठाया गया है।
आतंकी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की तलाश में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा ऊपरी इलाकों और जंगलों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। इसलिए पर्यटकों और पर्वतारोहियों को सलाह दी जाती है कि वे ट्रैकिंग के लिए ऊपरी इलाकों और जंगलों में न जाएं और मुख्य पर्यटन स्थलों पर ही अपनी यात्रा का आनंद लें।गौरतलब है कि घाटी के ऑफबीट पर्यटन स्थलों, पहाड़ों और जंगलों में ट्रैकिंग करने के लिए पर्वतारोहियों और ट्रैकिंग के शौकीनों का बड़ा चलन रहा है, लेकिन फिलहाल सुरक्षा कारणों से इन इलाकों में यात्रा पर रोक लगा दी गई है।
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम से करीब 5 किलोमीटर दूर बैसरन में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया था, जिसमें 26 पर्यटकों की जान चली गई थी और 22 अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद घाटी से ज्यादातर पर्यटक वापस लौट गए थे। हालांकि, अब धीरे-धीरे पर्यटकों का आना फिर से शुरू हो गया है और गुलमर्ग, सोनमर्ग, युसमर्ग, दूधपथरी समेत अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ पहलगाम भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है, जो बैसरन से महज 5 किलोमीटर दूर है।
Next Story