जम्मू और कश्मीर

Jammu-Kashmir: टिपर ने कॉलेज जा रही छात्रा को कुचला

Sarita
9 March 2025 9:05 AM IST
Jammu-Kashmir:   टिपर ने कॉलेज जा रही छात्रा को कुचला
x
Jammu-Kashmir: यातायात नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे बेलगाम टिप्पर जानलेवा साबित हो रहे हैं। शनिवार को नगरी-पल्ली मार्ग पर तेज रफ्तार टिप्पर ने पैदल जा रही एक छात्रा को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर टिप्पर कब्जे में ले लिया है।
मृतका की पहचान 19 वर्षीय सारिका पुत्री तारा चंद निवासी निहालपुर, कठुआ के रूप में हुई है। वह राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में स्नातक भाग-दो की छात्रा थी। हादसा सुबह लगभग साढ़े नौ बजे पेश आया। छात्रा घर से कॉलेज के लिए निकली थी। घर से थोड़ी ही दूर नगरी की ओर से आ रहे टिप्पर ने उसे चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के वक्त वहां मौजूद लोगों ने शोर भी मचाया, लेकिन टिप्पर चालक ने ध्यान नहीं दिया। देखते ही देखते पहले टिप्पर का अगला और फिर पिछला टायर उसे रौंदता हुआ निकल गया। आनन-फानन में लोगों ने छात्रा को जीएमसी कठुआ पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने पल्ली मोड़ में जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। यहां प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन, जिला खनन विभाग, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कई बार मांग करने के बावजूद इस मार्ग पर दौड़ने वाले ओवरस्पीड, ओवरलोड टिप्परों के चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे आए दिन लोग अपनी जान गवां रहे हैं। स्थानीय निवासी विजय शर्मा ने कहा कि ओवरस्पीड टिप्परों के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। प्रशासन ने आंखें बंद कर रखी हैं। अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक इस रूट पर टिप्परों की आवाजाही बंद नहीं होती, वे मार्ग से नही हटेंगे।
आरोप लगाया कि प्रशासन और संबंधित विभागों की मिलीभगत से यह सब चल रहा है। करीब दो घंटे तक हाईवे जाम रहने के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर रविंदर सिंह वहां पहुंचे और लोगों को बताया कि टिप्पर चालक और उसका वाहन पुलिस के कब्जे में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले टिप्पर चालकों पर सख्ती की जाएगी। इस रूट पर दिन में टिप्पर न चलें, इसे लेकर उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। उनके इस आश्वासन के बाद लोगों ने मार्ग को खोल दिया। जिसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
Next Story