जम्मू और कश्मीर

Jammu-Kashmir: पुलिस ने गौ तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम की

Sarita
20 July 2025 9:45 AM IST
Jammu-Kashmir: सांबा जिले की घगवाल पुलिस ने गौ तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 16 गायों को मुक्त कराया और एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में गायों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। इस पर घगवाल थाना प्रभारी नवीन अंगराल ने पुलिस टीम के साथ तपयाल चेक पोस्ट पर ट्रक संख्या JK02BH-0467 को रोकने की कोशिश की। लेकिन ट्रक चालक चेक पोस्ट पर नहीं रुका और भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ ही दूरी पर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक बंधी 16 गायें मिलीं।
मवेशियों को बिना किसी वैध दस्तावेजों के एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र शैब सिंह, निवासी सरसपुर, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में थाना घगवाल में एफआईआर संख्या 73/2025 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 223 बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (पीसीए एक्ट) की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेज दिया है और पशु तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Next Story