जम्मू और कश्मीर

Jammu-Kashmir : भीषण गर्मी के बावजूद वैष्णो देवी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

Sarita
13 Jun 2025 11:45 AM IST
Jammu-Kashmir : भीषण गर्मी के बावजूद वैष्णो देवी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
x
Jammu-Kashmir: भीषण गर्मी के बावजूद माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वीरवार शाम छह बजे तक करीब 24 हजार श्रद्धालु कटड़ा स्थित पंजीकरण केंद्र से आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर मंदिर के लिए रवाना हो चुके थे। इससे पहले बुधवार को करीब 32 हजार 500 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए थे। हालांकि गर्मी के कारण यात्रा के समय में बदलाव साफ नजर आ रहा है। स्थानीय निवासियों और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार अब अधिकतर श्रद्धालु सुबह जल्दी या देर शाम चढ़ाई करना पसंद कर रहे हैं। दिन में तेज धूप और करीब 35 डिग्री सेल्सियस तापमान के कारण दोपहर के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है।
इस मौसम में विशेषकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। इन चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को हल्के कपड़े पहनने, पानी की बोतल साथ रखने और पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है। यात्रा मार्ग पर गर्मी से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिनमें पेयजल स्टॉल, छायादार विश्राम स्थल और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र शामिल हैं। आरएफआईडी कार्ड प्रणाली भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में भी मददगार साबित हो रही है।
गर्मी की परेशानियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कई लोग रात भर यात्रा करके सुबह जल्दी ही चढ़ाई शुरू कर देते हैं ताकि धूप से बच सकें। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह तैयार है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
Next Story