जम्मू और कश्मीर

जम्मू-कश्मीर :आज समाप्त हो जाएगा चिल्ले कलां का दौर, प्रदेश में कई जगहों पर रात का तापमान शून्य से नीचे

Renuka Sahu
29 Jan 2022 4:58 AM GMT
जम्मू-कश्मीर :आज समाप्त हो जाएगा चिल्ले कलां का दौर, प्रदेश में कई जगहों पर रात का तापमान शून्य से नीचे
x

फाइल फोटो 

जम्मू-कश्मीर में चिल्ले कलां का दौर आज समाप्त हो जाएगा। इस बीच साफ मौसम के बीच ठिठुरन जारी है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। जम्मू-कश्मीर में चिल्ले कलां का दौर आज समाप्त हो जाएगा। इस बीच साफ मौसम के बीच ठिठुरन जारी है। पिछले दिनों हुई बारिश और बर्फबारी से सर्द हवाएं चल रही हैं। जम्मू संभाग के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 30 और 31 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

प्रदेश के सभी जिलों में शुक्रवार को मौसम खुला रहा। मैदानी इलाकों में खिली धूप का लोगों ने मजा लिया। कश्मीर में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर चला गया है, लेकिन जम्मू संभाग में गिरावट जारी है। जम्मू में दिनभर धूप खिलने के साथ दिन का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री गिरकर 17.1 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 0.8, बटोत में माइनस 0.9, कटड़ा में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 1.3, पहलगाम में माइनस 10.9 और गुलमर्ग में माइनस 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह और कारगिल में कड़ाके की ठंड के बीच दिन और रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है।
कश्मीरी मीट हरिसा की मांग बढ़ी
घाटी में कड़ाके की ठंड के बीच कश्मीरी मीट 'हरिसा' की मांग बढ़ गई है। स्थानीय युवक ने बताया कि वह इसे 7-8 साल से लगातार खा रहा है। यह सेहत के लिए अच्छा है और यहां हर कोई इसे सर्दियों में खाता है। मांस विक्रेता सिबदार अहमद ने बताया कि वह लंबे समय से इसकी बिक्री कर रहे हैं। सर्दियों में 'हरिसा' की मांग बहुत अधिक होती है क्योंकि यह शरीर के तापमान को बनाए रखने में मदद करता है। हम इसे अमेरिका, यूरोप सहित विदेशों में भी निर्यात करते हैं।
Next Story